गोडवाड के बाली तहसील में क्षत्रिय समाज का नेतृत्व करने वाला प्रमुख संगठन श्री क्षत्रिय सहयोग मंच ने हाल ही में रंगारंग क्षत्रिय खेलकूद प्रतियोगिता और प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस आयोजन में सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहे अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राणावत बड़ागुढ़ा का अंतरात्मा की आवाज से त्यागपत्र देना।
अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राणावत ने इस बार कार्यक्रम से पहले मार्मिक अपील की थी कि निजी कारणों से वे अध्यक्ष पद का त्याग करना चाहते है। उन्होंने अपील की थी कि यह उनके नेतृत्व में अंतिम आयोजन है इसलिए एकता के साथ मिल आयोजन करें। अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह राणावत की अपील का असर हुआ और करीब 3 लाख रुपए जनसहयोग से इकट्ठे हुए। जिससे भव्य क्षत्रिय खेलकूद प्रतियोगिता और सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।
अलबत्ता शाइनिंग क्षत्रिय टाइम्स को सुरेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि समाजबंधुओं के आग्रह पर उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। सुरेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि क्षत्रिय युवक संघ से प्रेरित होकर उन्होंने अपने समाज की सेवा करने के लिए श्री क्षत्रिय सहयोग मंच के अध्यक्ष का जिम्मा संभाला था। अध्यक्ष के रूप में उनका अनुभव उत्साहजनक रहा। क्षत्रिय छात्रावास के विकास, महापुरुषों की जयंतियां मनाना, जरूरतमंदों की मिलकर सहायता करना और समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करना मंच की विशेष उपलब्धियां रही।
सुरेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि इस साल भी आयोजन में किसी बड़े भामाशाह से योगदान लेने की बजाय आम समाज बंधुओं के 500 – 1000 रुपए के सहयोग से राशि एकत्रित की। जो समाज की एकता को साबित करता है।