जयपुर के सीकर रोड स्थित भारत नगर बस्ती की बिजली काटे जाने और जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने के खिलाफ़ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) ने बिजली विभाग के विश्वकर्मा अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव डॉ.संजय “माधव” ने आरोप लगाया कि लोगों में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में व्याप्त भ्रष्टाचार, लूट-खसोट और तानाशाहीपूर्ण व्यवहार के खिलाफ़ भारी आक्रोश है। यहां की ग़रीब बस्तियों में विभिन्न घरों की बिजली काटे जाने और जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
आम गरीब जनता जो मुश्किल से अपना जीवन यापन कर पा रही है वहां पर बिजली विभाग द्वारा दादागिरी की जा रही है। नौजवान सभा के जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि इलाके के लोग अन्याय,भेदभाव, बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर के विरोध में बिजली विभाग के विश्वकर्मा स्थित कार्यालय में गए। लेकिन वहां सरकारी कार्यालय में जनता की सेवा के लिये नियुक्त किये गये अधिशासी अभियंता का व्यवहार अत्यंत आपत्तिजनक, अलोकतांत्रिक और अहंकारी था।
जब जनप्रतिनिधियों ने उनको ज्ञापन दिया और अपनी बात रखने का प्रयास किया तो अधिकारी ने कुछ भी सुनने से इंकार करते हुए कहा कि आप कौन होते हैं हमें राय देने वाले, हम जो चाहेंगे वही करेंगे। इसके साथ ही उनके द्वारा प्रतिनिधिमंडल के साथ बेहद बदतमीज़ी भी की गई। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने काफी समझाने का प्रयास भी किया, परन्तु अधिकारी ने कुछ भी सुनने से इंकार करते हुये पुलिस को बुलाने की धमकी दी।
डीवाईएफआई के जयपुर जिला कमेटी सचिव रितांश आजाद सचिव ने बताया कि अधिकारी के इस व्यवहार के खिलाफ़ आक्रोशित होकर प्रदर्शन में शामिल लोगों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बिजली विभाग की लूट-खसोट और भ्रष्टाचार, अधिकारी के तानाशाहीपूर्ण व्यवहार, स्मार्ट मीटर लगाने के खिलाफ़, बिजली के निजीकरण के खिलाफ जमकर नारे लगाये गए।
बिजली विभाग के अधिकारी द्वारा पुलिस को बुलाने के बावजूद जनता का आक्रोश कम नहीं हुआ और कार्यालय के सामने विरोध में सभा का आयोजन किया गया। सभा को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव डॉ.संजय “माधव”, नौजवान सभा के जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार, शहादत अली, जिला सचिव रितांश आजाद और भारत नगर की डीवाईएफआई कमेटी के साथी देवराज और संजू जी ने सम्बोधित किया। सभा को सम्बोधित करते हुये सीपीआई(एम) के जिला सचिव डॉ.संजय “माधव” ने चेतावनी देते हुये कहा कि पुलिस और मुकद्दमों का डर दिखाकर भ्रष्टाचार और बद दिमाग अधिकारी-कर्मचारी बच नहीं सकते हैं।
जनता जन-आंदोलन के द्वारा ऐसे भ्रष्ट अफसरों को सबक सिखायेगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के पैसों पर पलने वाले जनता के नौकरों को अपने मालिकों यानि आम जनता के साथ ठीक से व्यवहार करने को मजबूर करेगी। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि किसी भी प्रकार की धमकियों से डरे बिना स्मार्ट मीटर, बिजली के निजीकरण व बिजली विभाग की इस दादागिरी के खिलाफ संघर्ष ज़ारी रखना है।
पूरे देश और प्रदेश में इन मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी है। आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। डीवाईएफआई के जिला सचिव रितांश आजाद ने अधिशासी अभियंता के द्वारा पैदा किए गये अनुचित व्यवहार और अनावश्यक पैदा किए गये तनाव की कड़ी निंदा करते हुये कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को ओर तेज करने का फैसला किया जायेगा और जरूरत होने पर धरना-प्रदर्शन आदि अन्य आंदोलनात्मक क़दम भी उठाये जायेंगे।
( प्रेषक रितांश आजाद, सचिव डीवाईएफआई, जिला कमेटी जयपुर)