देश दुनिया में आन, बान, शान और मान का प्रतीक राजस्थान खुद अपनी भाषा के लिए मोहताज है।
हमेशा त्याग के लिए पहचाने जाने वाले राजस्थान को अपनी भाषा को भी त्यागना पड़ा। आजादी के बाद से ही सरकार सिस्टम में गूंगा रहा राजस्थान अब अपनी वाणी की अधिकृत स्वीकृति के लिए मजबूती के साथ खड़ा हो रहा है।
राजस्थानी भाषा को संवैधानिक दर्जा दिलाने की माँग वर्षों से उठती रही है, लेकिन आवाज के इस अहिंसक और शालीन आंदोलन का सुनियोजित उल्लेख नहीं होने से यह कई बार बेपटरी हुआ।
अब राजस्थानी भाषा के नैसर्गिक आंदोलन के पीछे छिपे संघर्ष, सच्चाइयों, तथ्यों और अनसुनी कहानियों को एक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करने की जरूरत को साकार किया फिल्मकार सुरेश मुद्गल निर्देशित करीब 26 मिनट की डॉक्यूमेंट्री एन अनटोल्ड स्टोरी ने।
जाने माने आरटीआई एक्सपर्ट ओ.पी. ओझा ने राजस्थानी भाषा के संघर्ष की यात्रा पर एक प्रभावशाली डॉक्यूमेंट्री एन अनटोल्ड स्टोरी तैयार की है, जो यूट्यूब के जरिए राजस्थानी भाषा प्रेमियों का मार्गदर्शन करेगी।
यह शॉर्ट फिल्म राजस्थानी भाषा आंदोलन की जमीनी हकीकत, राजनीतिक परतें और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाती है।
हाल ही में जयपुर स्थित सारांश स्टूडियो में इस डॉक्यूमेंट्री का प्रथम अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर ओ.पी. ओझा ने राजस्थानी भाषा के प्रसिद्ध लेखक भरत ओला के साथ डॉक्यूमेंट्री को देखा और इस उत्कृष्ट कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।
उन्होंने फिल्म के निर्देशक सुरेश मुदगल और एडिटर अमित ओझा को इस महती प्रयास के लिए शुभकामनाएं दी।
ओ.पी. ओझा ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राजस्थानी अस्मिता और भाषा गौरव की आवाज़ है।
ओझा ने बताया कि आरटीआई के माध्यम से जुटाए गए दस्तावेज़ों से यह स्पष्ट होता है कि राजस्थानी भाषा को संवैधानिक दर्जा देने की प्रक्रिया वर्षों से जानबूझकर टाली जा रही थी, जिसे अब यह फिल्म सशक्त रूप में सामने लाती है।
गौरतलब है कि राजस्थानी भाषा एक तरह से भाषा चोरी की शिकार है। ओ पी ओझा का दावा है कि राजस्थानी भाषा बोलने वाले प्रदेश में 10 करोड़ से ज्यादा लोग है लेकिन जनगणना विभाग ने यह आंकड़ा केवल ढाई करोड़ दर्ज करा रखा है। ऐसे में यह डॉक्यूमेंट्री आगामी जनगणना में दुरुस्त आंकड़ा दर्ज कराने का माहौल तैयार करेगी।
दर्शक इस डॉक्यूमेंट्री को यू ट्यूब के वाइड कास्ट पॉडकास्ट चैनल पर “राजस्थानी भाषा एन अन टोल्ड स्टोरी” नाम से देख सकते हैं।