देश के सबसे बड़े गैर शासकीय संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुषंगी संगठन विद्या भारती की और से संचालित जयपुर के नांगल जैसा बोहरा स्थित आदर्श विद्या मंदिर में स्वतंत्रता दिवस का रंगारंग समारोह आयोजित किया गया।इस अवसर पर देशभक्ति और संस्कारों से और ओतप्रोत कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां ने सभी को भावविभोर कर दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि राज नर्सिंग होम के निदेशक डॉ. आजाद सिंह थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर नगर निगम में पार्षद कौशल किशोर शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में व्यावसायी और समाजसेवी जितेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर सह व्यवस्था प्रमुख अश्वनी माहेश्वरी थे।
समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. महावीर सिंह बलवदा, उपाध्यक्ष कैप्टन शीशराम चौधरी, व्यवस्थापक मुरारी लाल शर्मा, प्रधानाचार्य अंशुमान गौड़ एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता पूजन, ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई इसके बाद दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ सांस्कृतिक व शारीरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अंशुमान गौड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका परिचय करवाया।
मुख्य अतिथि डॉ. आजाद सिंह, एवं विशिष्ट अतिथि जितेन्द्र शर्मा ने अपने संबोधन में सभी का उत्साहवर्धन किया और विद्यालय से जुड़कर प्रसन्नता प्रकट की, साथ ही विद्यालय के लिए तन मन धन से सहयोग करने का विश्वास दिलाया।
समारोह के मुख्य वक्ता अश्वनी माहेश्वरी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। छोटी-छोटी बातों के साथ में नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सुदृढ़ परिवार व्यवस्था, सामाजिक समरसता, स्वदेशी के भाव पर ध्यान दिलाते हुए संस्कार युक्त शिक्षा और देशहित में कार्य करने की आवश्यकता पर उन्होंने बल दिया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. महावीर सिंह बलवदा ने सभी का आभार प्रकट किया एवं विद्यालय के विविध आयामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालकों के सर्वांगीण विकास की अवधारणा को साकार करना आदर्श विद्या मंदिर की विशेषता है।
कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयघोष औऱ शांति पाठ के साथ हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य व्यक्तियों नें उत्साह पूर्वक भाग लिया।